बड़े पर्दे पर कई यादगार फिल्मों के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करने के बाद, दिग्गज फिल्ममेकर के.सी. बोकाडिया अब अपने पारिवारिक धारावाहिक ‘संस्कार’ के माध्यम से टेलीविजन दर्शकों का दिल जीत रहे हैं। धारावाहिक को मिल रहे प्यार और सराहना के बीच उन्होंने मुंबई में मीडिया के साथ केक काटकर इसकी सफलता का जश्न मनाया और अपनी खुशी साझा की।
‘संस्कार’ का प्रसारण डीडी नेशनल पर सोमवार से शुक्रवार रात 8 बजे होता है। पारिवारिक रिश्तों, भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों पर आधारित यह धारावाहिक दर्शकों के बीच अपनी पहचान बना रहा है।
अपने टेलीविजन धारावाहिक ‘सरदार – द गेम चेंजर’ के बाद के.सी. बोकाडिया ‘संस्कार’ के जरिए टेलीविजन की दुनिया में अपनी रचनात्मक यात्रा को आगे बढ़ा रहे हैं। धारावाहिक को मिल रही प्रतिक्रियाओं के लिए आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने मीडिया से बातचीत की और इसके पीछे अपनी सोच साझा की।
बीएमबी प्रोडक्शंस के बैनर तले प्रस्तुत ‘संस्कार’ एक मल्टी-स्टारर पारिवारिक ड्रामा है। इसे के.सी. बोकाडिया ने लिखा और निर्देशित किया है, जबकि इसके निर्माता राजेश बोकाडिया और के.सी. बोकाडिया हैं। धारावाहिक में दर्शन जरीवाला, जरीना वहाब, अमन वर्मा, मुग्धा गोडसे, राकेश बेदी, पंकज बेरी, महेश ठाकुर, सुप्रिया कार्निक और राजेश खेरा सहित अधिक बेहतरीन कलाकार नजर आ रहे हैं।
इस अवसर पर के.सी. बोकाडिया ने कहा, “अगर संस्कार घर-घर तक पहुंच रहा है तो ये पुण्य का काम है क्योंकि आज परिवार बिखर रहे हैं। अगर संस्कार सीरियल देखकर 10 प्रतिशत लोगों में भी परिवार के प्रति प्रेम और आदर जागता है, संयुक्त परिवार की लोग अहमियत समझ लेते हैं, परिवार टूटने या बिखरने से बचता है, लोग भारतीय संस्कार को अपने जीवन में ले आते हैं तो ये मेरे लिए बड़ी खुशी का कारण होगा। इसे मैंने बहुत दिल से बनाया है। इससे पैसे कमाने का कभी नहीं सोचा बल्कि एक सामाजिक संदेश घर-घर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा। खुशी है कि संस्कार दूरदर्शन के माध्यम से हर घर तक पहुँच रहा है।”
उन्होंने आगे कहा, “लोग आज भी पुरानी फ़िल्में, गाने अधिक पसन्द करते हैं क्योंकि उनमें भारतीय माहौल, संस्कृति और संस्कार की झांकी मिलती है। धारावाहिक ‘संस्कार’ दर्शकों को उसी संस्कार की याद दिलाता है। हर एपिसोड के बाद देश के हर राज्य और शहर-गांव से सैकड़ों फोन और मैसेज आते हैं। लोग ‘संस्कार’ के डायलॉग, सिनेमैटोग्राफी, लोकेशन और कहानी की तारीफ करते हैं।”
धारावाहिक की शूटिंग बनारस, जयपुर, मुंबई और कश्मीर की खूबसूरत लोकेशन्स पर की गई है। इन स्थानों की सांस्कृतिक विविधता और पारिवारिक कहानी के मेल से शो को एक अलग रूप देने की कोशिश की गई है।
‘प्यार झुकता नहीं’, ‘तेरी मेहरबानियां’, ‘कुदरत का कानून’, ‘आज का अर्जुन’, ‘फूल बने अंगारे’ और ‘हम तुम्हारे हैं सनम’ जैसी फिल्मों से अपनी पहचान बनाने वाले के.सी. बोकाडिया के लिए ‘संस्कार’ सिर्फ एक धारावाहिक नहीं, बल्कि परिवारों को जोड़ने और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास है। मीडिया के साथ सफलता का जश्न मनाते हुए उन्होंने उम्मीद जताई कि यह धारावाहिक दर्शकों के बीच पारिवारिक प्रेम, सम्मान और आपसी रिश्तों की अहमियत को और मजबूत करेगा।
- Gaazi Moin