Entertainment


साउथ स्टार सूफिया तनवीर गणपति बप्पा के दरबार में, 'ओये चिल मार’ से बॉलीवुड में दस्तक

गणपति महोत्सव के उल्लास और भक्ति के बीच तेलुगु फिल्म ‘Naa Telugodu’ फेम अभिनेत्री सूफिया तनवीर इन दिनों मुंबई में विभिन्न गणपति पंडालों में पहुंचकर बप्पा का आशीर्वाद ले रही हैं। गणपति दर्शन उनके लिए खास इसलिए भी हैं, क्योंकि इसी दौरान वह अपनी आगामी हिंदी फिल्म ‘ओये चिल मार’ के जरिए बॉलीवुड में नई पारी शुरू करने जा रही हैं। फिल्म 25 सितंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
 
तुलसीराम प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन नितिन एम. रोकड़े ने किया है। फिल्म में सूफिया के साथ प्राची बंसल, तेजस देव, शिखा पांडेय, अतुल तिवारी, सुजीत अस्थाना और मीना शर्मा प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। सोशल साइकोलॉजिकल थ्रिलर के रूप में बनी यह फिल्म सोशल मीडिया, ऑनलाइन पहचान और लोकप्रियता की चाहत के युवाओं पर पड़ने वाले मनोवैज्ञानिक प्रभावों को केंद्र में रखती है।
 
थिएटर से अभिनय की शुरुआत करने वाली सूफिया ने शॉर्ट फिल्मों, टेलीविजन, वेब सीरीज और म्यूजिक वीडियो में भी काम किया है। दिसंबर 2025 में रिलीज हुई तेलुगु फिल्म ‘Naa Telugodu’ में मुख्य अभिनेत्री की भूमिका निभाने के बाद अब वह हिंदी सिनेमा में कदम रख रही हैं। बिहार के छोटे शहर से मुंबई तक का सफर तय करने वाली सूफिया के लिए ‘ओये चिल मार’ अभिनय यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। फिल्म रिलीज से पहले गणपति बप्पा का आशीर्वाद लेकर वह अपनी नई शुरुआत को लेकर उत्साहित हैं।
 


Related Articles