फिल्म: दिल दीवाना हो गया
निर्माता: इश्पॉल सिंह चावला
निर्देशक: राजीव शामलाल सोनी
कलाकार: काजल चौहान, भानूज सूद, शुभकरण भोपाल, राजू खेर, अरुण बक्शी, मुश्ताक खान, बृज गोपाल
अवधि: 2 घंटे 16 मिनट
बैनर: ग्रांडवे प्रोडक्शन्स
रेटिंग: (3/5)
आज के दौर में जब बॉलीवुड में एक्शन, हिंसा और बड़े बजट की फिल्मों का बोलबाला है, ऐसे समय में निर्माता इश्पॉल सिंह चावला ने एक साफ-सुथरी, भावनात्मक और पारिवारिक रोमांटिक फिल्म बनाने का साहस दिखाया है। दिल दीवाना हो गया केवल एक प्रेम कहानी नहीं है, बल्कि रिश्तों, भरोसे, त्याग और पारिवारिक मूल्यों को खूबसूरती से प्रस्तुत करने वाली फिल्म है। सबसे बड़ी बात यह है कि उन्होंने नए कलाकारों पर भरोसा जताकर उन्हें एक बड़ा मंच दिया है, जो काबिल-ए-तारीफ है।
कॉलेज लाइफ, दोस्ती, प्यार और गलतफहमियों पर बॉलीवुड में कई सफल फिल्में बनी हैं, लेकिन दिल दीवाना हो गया अपनी सरल कहानी, भावनात्मक प्रस्तुति और मधुर संगीत की वजह से अलग पहचान बनाने में सफल रहती है। इस सप्ताह हॉलीवुड फिल्म स्पाइडरमैन जैसी बड़ी रिलीज के साथ सिनेमाघरों में आने के बावजूद यह फिल्म अपने दर्शकों को बांधे रखने में कामयाब रहती है।
फिल्म की कहानी राहुल, नैना और राज नाम के तीन दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है। एक ऐसा प्रेम त्रिकोण जिसमें प्यार है, त्याग है, गलतफहमियां हैं और भावनाओं का संघर्ष है। राहुल नैना से प्यार करता है जबकि नैना का झुकाव राज की तरफ है। रिश्तों के इसी उलझे हुए सफर में कहानी आगे बढ़ती है और इंटरवल के बाद कई दिलचस्प मोड़ दर्शकों को बांधे रखते हैं। फिल्म का क्लाइमेक्स भी दर्शकों को चौंकाने में सफल रहता है।
फिल्म की सबसे बड़ी ताकत इसके कलाकार हैं। लोकप्रिय टीवी अभिनेत्री काजल चौहान ने बड़े पर्दे पर बेहद प्रभावशाली शुरुआत की है। नैना के किरदार में उनकी मासूमियत, भावनात्मक अभिव्यक्ति और स्क्रीन प्रेजेंस प्रभावित करती है। वह हर फ्रेम में सहज और स्वाभाविक नजर आती हैं।
भानूज सूद ने राहुल के किरदार में जान डाल दी है। उनकी अभिनय क्षमता देखकर कहीं से महसूस नहीं होता कि यह उनकी पहली फिल्म है। भावनात्मक दृश्यों से लेकर रोमांटिक पलों तक उन्होंने बेहतरीन संतुलन बनाया है। काजल चौहान और भानूज सूद की केमिस्ट्री भी पर्दे पर काफी अच्छी लगती है।
वहीं शुभकरण भोपाल ने राज के किरदार में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने अपने अभिनय से यह साबित किया है कि आने वाले समय में वह इंडस्ट्री में लंबी पारी खेल सकते हैं। सहायक भूमिकाओं में मुश्ताक खान, राजू खेर, अरुण बक्शी, बृज गोपाल, मेहुल बुच, गरिमा अग्रवाल, अंजलि गुप्ता और दिव्या द्विवेदी जैसे कलाकार फिल्म को मजबूती प्रदान करते हैं।
निर्देशक राजीव शामलाल सोनी विशेष बधाई के पात्र हैं। उन्होंने इस फिल्म को सिर्फ एक रोमांटिक कहानी के रूप में नहीं पेश किया बल्कि इसे पारिवारिक मूल्यों और भावनाओं से जोड़कर एक संपूर्ण मनोरंजक फिल्म बनाया है। उनकी कहानी कहने की शैली सरल है लेकिन प्रभावी है। फिल्म कहीं भी अनावश्यक रूप से भटकती नहीं और दर्शकों की रुचि बनाए रखती है।
तकनीकी पक्षों में फिल्म का सबसे मजबूत स्तंभ इसका संगीत है। संगीतकार विष्णु नारायण ने ऐसा मधुर संगीत दिया है जो 90 के दशक की रोमांटिक फिल्मों की याद ताजा कर देता है। आज के शोर-शराबे वाले संगीत के दौर में फिल्म के गीत कानों को सुकून देते हैं। पामेला जैन और यूवी की आवाजों ने गीतों में और भी मिठास घोल दी है।
"तू मेरे दिल की दुआ है", "दिल की ये गुजारिश है" और "प्यार की धुन" जैसे गीत फिल्म की आत्मा बनकर उभरते हैं। ये गाने फिल्म खत्म होने के बाद भी दर्शकों के साथ बने रहते हैं।
फिल्म की खूबसूरती को बढ़ाने में मनाली की मनमोहक लोकेशन्स का भी बड़ा योगदान है। बर्फ से ढकी पहाड़ियां, हरी-भरी वादियां और रोमांटिक गीतों का फिल्मांकन दर्शकों को दृश्यात्मक रूप से आकर्षित करता है। कई दृश्य पोस्टकार्ड जैसी सुंदरता लिए हुए हैं।
फिल्म के संवाद भी इसकी विशेषता हैं। कुछ संवाद लंबे समय तक याद रह जाते हैं, जैसे—
"खुली वादियों में अगर कोई उगते सूर्य के सामने कोई मन्नत मांगे तो जरूर पूरी होती है।"
"दिल अक्सर धोखा देता है लेकिन दिमाग नहीं।"
"झूठों की दुनिया में सच बोलना सबसे बड़ी बात है।"
ये संवाद फिल्म की भावनात्मक गहराई को और मजबूत बनाते हैं।
कुल मिलाकर, दिल दीवाना हो गया एक ऐसी फिल्म है जो नए कलाकारों की ताजगी, मधुर संगीत, खूबसूरत लोकेशन्स और पारिवारिक भावनाओं को एक साथ लेकर आती है। निर्माता इश्पॉल सिंह चावला का यह प्रयास सराहनीय है कि उन्होंने नए चेहरों को अवसर देते हुए एक साफ-सुथरी और पारिवारिक मनोरंजन से भरपूर फिल्म बनाई है। यदि आप प्यार, रिश्तों, भावनाओं और मधुर संगीत से सजी फिल्मों के शौकीन हैं, तो दिल दीवाना हो गया आपके लिए एक अच्छा सिनेमाई अनुभव साबित हो सकती है।
- Gaazi Moin