मुंबई, 28 अगस्त 2026 : भारत की तेजी से बढ़ती और प्रमुख MMA (मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स) प्रतियोगिता 'वॉरियर्स ड्रीम सीरीज’ (WDS) की ‘फाइट नाइट 18' का आयोजन 29 अगस्त को मुंबई के CIDCO एक्जिबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में भारतीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
प्रतियोगिता से पहले WDS की ओर से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान 'फाइट नाइट 18’ में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों ने अपनी तैयारी, आगामी मुकाबलों और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के खिलाफ पेशेवर MMA प्रतियोगिता में उतरने के अनुभव के बारे में अपने विचार साझा किए। ‘फाइट नाइट 18' में कुल 13 पेशेवर MMA मुकाबले होंगे। भारत के साथ एशिया के विभिन्न देशों के खिलाड़ी इसमें हिस्सा ले रहे हैं। इसमें भारतीय खिलाड़ियों के मुकाबले फिलीपींस और रूस के खिलाड़ियों से होंगे।
प्रतियोगिता के प्रमुख मुकाबलों में भारत के जेको लैश्राम का सामना फिलीपींस के किम्बर्ट अलिंटोजोन से फ्लाईवेट वर्ग में होगा। वहीं तरुण एम. हिरमठ और गगनपाल सिंह दुआ लाइट हेवीवेट वर्ग में मुकाबला करेंगे। भारतीय खिलाड़ियों को देश के बाहर के मजबूत खिलाड़ियों के खिलाफ खेलने का अवसर देना WDS के प्रयासों का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
WDS के संस्थापक संजीवन पडवाल ने कहा, “WDS के माध्यम से भारतीय MMA को विश्वस्तरीय मंच देना हमारा उद्देश्य है। खिलाड़ियों के विकास, बेहतर आयोजन, प्रतियोगिता की गुणवत्ता और दर्शकों के अच्छे अनुभव पर हमारा विशेष ध्यान है। भारत में पेशेवर MMA के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ इसखेल में शामिल अनुशासन, कौशल और मेहनत को दर्शकों तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य है। भारतीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के खिलाफ खेलने का अवसर देते हुए भारतीय MMA को वैश्विक स्तर तक ले जाना हमारा दीर्घकालीन प्रयास है।"
WDS के संस्थापक और प्रमोटर सुधांशु श्रीवास्तव ने कहा, "फाइट नाइट 18 को लेकर हम उत्साहित हैं। खिलाड़ियों का उत्साह, मेहनत और जुनून हर फाइट नाइट को खास बनाता है। भारतीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की भागीदारी से इस बार प्रतियोगिता और भी रोमांचक होगी। खिलाड़ियों को अपना कौशल दिखाने और MMA प्रशंसकों से जुड़ने के लिए एक अच्छा मंच देना हमारा उद्देश्य है।”
WDS का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताएं आयोजित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत में पेशेवर MMA और कॉम्बैट स्पोर्ट्स के लिए एक मजबूत मंच तैयार करना भी है। खिलाड़ियों को अपने करियर में आगे बढ़ने तथा देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर के मजबूत खिलाड़ियों के खिलाफ मुकाबला करने के अवसर देने के लिए WDS लगातार प्रयास कर रहा है।
- Gaazi Moin