Bollywood


पैन-इंडिया माइथोलॉजिकल फैंटेसी फिल्म 'कर्मस्थलम’ जल्द होगी रिलीज

मुंबई: भारतीय पौराणिक कथाओं को आधुनिक सिनेमाई अंदाज़ में प्रस्तुत करने वाली पैन-इंडिया माइथोलॉजिकल फैंटेसी फिल्म ‘कर्मस्थलम’ अपने निर्माण के अंतिम चरण में है और जल्द ही दर्शकों के सामने आने के लिए तैयार है। यह फिल्म तेलुगु, तमिल, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में ‘करमस्थलम’ जबकि हिंदी में ‘कर्मस्थल’ शीर्षक से रिलीज की जाएगी।
 
फिल्म का उद्देश्य भारतीय मिथकों को एक नए और समकालीन दृष्टिकोण के साथ बड़े पर्दे पर उतारना है, जहां भारतीय देवताओं को सुपरहीरो के रूप में दर्शाया गया है। आधुनिक वीएफएक्स, उन्नत तकनीक और सशक्त कहानी के माध्यम से यह फिल्म पौराणिक कथाओं को नए रूप में प्रस्तुत करेगी।
 
इस फिल्म का निर्देशन युवा दक्षिण भारतीय निर्देशक रॉकी शर्मा कर रहे हैं, जबकि निर्माण की जिम्मेदारी हर्षवर्धन शिंदे ने संभाली है। फिल्म का संगीत प्रसिद्ध संगीतकार साई कार्तिक ने दिया है। कलाकारों में दिवि वध्या, अर्चना, अरविंद कृष्णा, प्रिंस सेसिल, बाहुबली प्रभाकर सहित कई जाने-पहचाने चेहरे शामिल हैं।
 
फिलहाल हैदराबाद में फिल्म की शूटिंग जारी है और अब तक लगभग 80 प्रतिशत टॉकी पार्ट पूरा किया जा चुका है। शेष शूटिंग फरवरी-मार्च के दौरान पूरी करने की योजना है।
 
निर्देशक रॉकी शर्मा के अनुसार, ‘कर्मस्थलम’ एक ऐसी अवधारणा पर आधारित है जिसे भारतीय सिनेमा में पहले कभी इस रूप में नहीं दिखाया गया। उन्होंने बताया कि फिल्म भावनात्मक गहराई, भव्यता और बड़े कैनवास के साथ पौराणिक कथाओं को नए स्तर पर ले जाएगी।
 
फिल्म की कास्टिंग और प्रोडक्शन डिज़ाइन की जिम्मेदारी GFA, हैदराबाद संभाल रही है। वहीं ग्लिटर फिल्म अकादमी के संस्थापक दीपक बालदेव ठाकुर इस प्रोजेक्ट से बिज़नेस हेड के रूप में जुड़े हुए हैं।
 
फिल्म निर्माताओं ने पुष्टि की है कि ‘कर्मस्थलम’ को पैन-इंडिया स्तर पर रिलीज किया जाएगा। फिल्म की रिलीज़ डेट से जुड़ी आधिकारिक घोषणा जल्द की जाएगी।
 


Related Articles